दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण भारत में 7 से 10 नवंबर तक पूर्वोत्तर मानसून सक्रिय रहेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ झोंकों की गति 50 किमी/घंटा तक जा सकती है।
7 और 8 नवंबर को केरल और माहे के अधिकांश इलाकों में व्यापक बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। लक्षद्वीप में भी इसी दौरान व्यापक बारिश होने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा क्षेत्र में 7 से 9 नवंबर के बीच बारिश के साथ गरज-चमक देखी जा सकती है। तेलंगाना, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने के आसार हैं।
उत्तर और पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ी
उत्तर भारत, मध्य और पश्चिमी हिस्सों में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना हुआ है। नवंबर की शुरुआत में पहाड़ी इलाकों और मैदानी क्षेत्रों में रात और सुबह के समय ठंड का एहसास बढ़ गया है।
दिल्ली-NCR में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 8 नवंबर की सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की चादर भी देखने को मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा। दिन में धूप खिलने से तापमान सामान्य रहेगा, लगभग 28 से 31 डिग्री सेल्सियस, जबकि रात में तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास गिरने से हल्की ठंडक महसूस होगी।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में रात और सुबह के समय ठंड काफी बढ़ गई है। शिमला जैसे पर्यटन स्थल पर न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 नवंबर के आसपास कश्मीर में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम में बदलाव आ सकता है।
स्रोत: hindi.webdunia.com


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।