उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 की परीक्षा कल से शुरू हो रही है। अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले सभी जरूरी नियमों को समझ लेना चाहिए ताकि वे किसी भी प्रकार की गलती से बच सकें। परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को आयोजित की जाएगी।
परीक्षा की तिथियां और समय
UPSSSC PET 2026 परीक्षा तीन दिनों में आयोजित होगी: 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं। गेट सुबह की पाली के लिए 9:30 बजे और दूसरी पाली के लिए 2:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे, इसके बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं मिलेगा।
एडमिट कार्ड और फोटो पहचान पत्र जरूरी
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए उम्मीदवारों के पास अपना एडमिट कार्ड और वैध फोटो पहचान पत्र होना अनिवार्य है। आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस को पहचान पत्र के रूप में स्वीकार किया जाएगा। इसके अलावा, अभ्यर्थियों को पहचान पत्र की फोटोकॉपी और दो नई पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ ले जाने की सलाह दी गई है। फोटो के पीछे नाम, रोल नंबर और परीक्षा की तारीख लिखना जरूरी है। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड पर दिए गए परीक्षा केंद्र और रिपोर्टिंग टाइम की जानकारी पहले ही जांच लेनी चाहिए।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध
परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना सख्त मना है। नियमों का उल्लंघन करने पर उम्मीदवार की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है और उन्हें आयोग की आगामी परीक्षाओं में भाग लेने से भी वंचित किया जा सकता है। अभ्यर्थियों को केवल नीले या काले रंग के बॉल पेन ले जाने की अनुमति है।
ओएमआर शीट भरने के नियम
PET परीक्षा में कुल 100 मल्टीपल चॉइस प्रश्न होंगे, प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होगा। गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू होगी। ओएमआर शीट में प्रश्नपत्र का सही सीरियल नंबर भरना जरूरी है। आंसर भरते समय गोला पूरी तरह भरना चाहिए। आधा भरने या एक प्रश्न के लिए एक से अधिक विकल्प चुनने पर उत्तर अमान्य माना जाएगा। नकल या अनुशासनहीनता पर भी अभ्यर्थी की परीक्षा निरस्त हो सकती है।
PET स्कोर से भर्ती के अवसर
UPSSSC PET के स्कोर के आधार पर उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में ग्रुप C स्तर के पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उम्मीदवारों को मेंस परीक्षा, स्किल टेस्ट या शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने का अवसर भी मिल सकता है। इसलिए सभी अभ्यर्थियों को नियमों का पूर्ण पालन करते हुए समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचना चाहिए।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।