News Speaks
सोमवार, 26 अक्टूबर 2026
विज्ञापन
News Speaks — यहाँ विज्ञापन दें
News Speaks — यहाँ विज्ञापन दें

रसोई में खाना बनाते समय बढ़ता है प्रदूषण, डॉक्टर से जानें बचाव के उपाय

घर की रसोई में खाना बनाते समय निकलने वाली गैसें और कण सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं, बचाव के लिए डॉक्टर की सलाह जरूरी है।

रसोई में खाना बनाते समय बढ़ता है प्रदूषण, डॉक्टर से जानें बचाव के उपाय

घर के अंदर खाना बनाते समय निकलने वाली गैसें और छोटे कण भी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। सही वेंटिलेशन और सावधानियों से इससे बचाव किया जा सकता है।

गैस पर खाना बनाते समय निकलती है हानिकारक गैसें

अधिकतर घरों में खाना बनाने के लिए एलपीजी गैस का उपयोग किया जाता है। गैस जलने पर नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (NO₂) जैसी हानिकारक गैसें निकल सकती हैं। अगर गैस का दहन ठीक से नहीं हो रहा है तो कार्बन मोनोऑक्साइड (CO) भी बन सकती है। साथ ही, खाना तलने, भूनने और तेज आंच पर पकाने के दौरान छोटे-छोटे कण हवा में फैलते हैं जो घर के अंदर की हवा की गुणवत्ता को खराब करते हैं।

यदि रसोई छोटी है, खिड़कियां बंद रहती हैं या हवा के निकलने की व्यवस्था नहीं है, तो ये प्रदूषक लंबे समय तक घर के अंदर बने रह सकते हैं।

खांसी, आंखों में जलन और सांस की परेशानी का खतरा

रसोई में प्रदूषण का असर सभी पर समान नहीं होता। कुछ लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी, सिरदर्द या सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। अस्थमा और दूसरी सांस की बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए यह और भी गंभीर हो सकता है।

बच्चों, बुजुर्गों और पुरानी सांस की बीमारी वाले लोगों को घर की हवा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। कार्बन मोनोऑक्साइड एक जहरीली, रंगहीन और गंधहीन गैस है, जिसका अधिक संपर्क सिरदर्द, चक्कर, कमजोरी और गंभीर स्थिति में बेहोशी तक कर सकता है। इसलिए गैस के सही दहन और रसोई में वेंटिलेशन जरूरी है।

डॉक्टर से जानें रसोई में प्रदूषण से बचाव के उपाय

पैसिफिक वनहेल्थ हॉस्पिटल की कंसल्टेंट पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका बिंदरू के अनुसार, घर के अंदर की हवा की गुणवत्ता पर ध्यान देना आवश्यक है। रसोई में प्रदूषण कम करने के लिए कुछ सावधानियां अपनाई जा सकती हैं।

खाना बनाते समय खिड़कियां खोलें ताकि ताजी हवा आ सके और प्रदूषित हवा बाहर निकल सके।

एग्जॉस्ट फैन का इस्तेमाल करें और यदि रसोई में चिमनी लगी हो तो उसकी नियमित सफाई और सही उपयोग करें।

गैस चूल्हे की नियमित जांच कराएं। लौ सामान्य रूप से नीली होनी चाहिए। अगर लौ पीली या नारंगी हो तो तुरंत मरम्मत कराएं। गैस की मरम्मत प्रशिक्षित व्यक्ति से ही कराएं।

खाना बनाते समय तेल को जरूरत से ज्यादा गर्म करने और खाना जलने से बचें ताकि धुआं और कण कम हों।

गैस जलाकर न छोड़ें और खाना बनाते समय हमेशा गैस पर नजर रखें। खाना बनने के बाद बर्नर बंद कर दें और गैस की गंध आने पर उसे जलाने से बचें।

घर के अंदर की हवा भी जरूरी

वायु प्रदूषण से बचने के लिए केवल मास्क पहनना या बाहर निकलने का समय बदलना ही काफी नहीं है। घर के अंदर की हवा की साफ-सफाई भी जरूरी है। रसोई में वेंटिलेशन, गैस चूल्हे की नियमित जांच और सावधानी से घर के अंदर प्रदूषण को कम किया जा सकता है। स्वस्थ रहने के लिए घर के बाहर ही नहीं, अंदर की हवा का भी साफ होना आवश्यक है।

यह खबर शेयर करें
संपादकीय टीम
संपादकीय टीम · News Speaks

News Speaks की संपादकीय टीम।

संपादकीय टीम की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।