कॉलेज में पढ़ाई के दौरान फीस, किताबों और अन्य एजुकेशनल जरूरतों पर काफी खर्च होता है। आर्थिक मदद पाने के लिए स्टूडेंट्स केंद्र सरकार की कई सरकारी स्कॉलरशिप योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। ये योजनाएं मेधावी छात्रों, पूर्वोत्तर के स्टूडेंट्स और छात्राओं को उच्च शिक्षा में सहायता प्रदान करती हैं। इनमें से कुछ स्कॉलरशिप में 12,000 से 20,000 रुपये तक वार्षिक आर्थिक सहायता दी जाती है।
1. सेंट्रल सेक्टर स्कीम ऑफ स्कॉलरशिप
यह योजना कॉलेज और यूनिवर्सिटी के मेधावी छात्रों के लिए है। जिन छात्रों के संबंधित स्ट्रीम में 80 प्रतिशत अंक हैं और जिनके परिवार की वार्षिक आय 4.5 लाख रुपये से कम है, वे इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत पहले तीन वर्षों में हर साल 12,000 रुपये और चौथे व पांचवें वर्ष में 20,000 रुपये सालाना मिलते हैं।
2. EdCIL विद्यांजलि स्कॉलरशिप
यह योजना जवाहर नवोदय विद्यालयों से पढ़ाई पूरी करने वाले मेधावी छात्रों के लिए है। हायर सेकेंडरी शिक्षा के बाद किसी कॉलेज या उच्च शिक्षण संस्थान में एडमिशन लेने वाले स्टूडेंट इसका लाभ उठा सकते हैं। विद्यांजलि फाउंडेशन के CSR फंड के माध्यम से योग्य छात्रों को स्कॉलरशिप देने में सहायता की जाती है।
3. ईशान उदय स्पेशल स्कॉलरशिप स्कीम
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की यह योजना पूर्वोत्तर राज्यों के छात्रों के लिए है। मान्यता प्राप्त संस्थानों में अंडरग्रेजुएट डिग्री के पहले वर्ष में पढ़ने वाले पात्र छात्र इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। इसका मकसद पूर्वोत्तर क्षेत्र के स्टूडेंट्स को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक मदद देना है।
4. AICTE यशस्वी स्कॉलरशिप
अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) की यह योजना डिग्री या डिप्लोमा कोर्स के फर्स्ट ईयर में एडमिशन लेने वाले छात्रों के लिए है। इसमें डिग्री कोर्स के छात्रों को हर साल 18,000 रुपये और डिप्लोमा कोर्स के स्टूडेंट्स को 12,000 रुपये की स्कॉलरशिप मिलती है।
5. AICTE प्रगति स्कॉलरशिप
यह योजना तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाली छात्राओं के लिए है। डिग्री या डिप्लोमा कोर्स के पहले या दूसरे वर्ष में एडमिशन लेने वाली छात्राएं इसके लिए आवेदन कर सकती हैं। परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
कहां से मिलेगी जानकारी?
स्कॉलरशिप के लिए आवेदन से पहले योजना की पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन की तारीख जरूर चेक करें। अधिक जानकारी के लिए संबंधित सरकारी विभाग, UGC या AICTE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इससे छात्र अपनी योग्यता के अनुसार सही योजना चुनकर पढ़ाई का खर्च कम कर सकते हैं।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।