भारत में Innodata कंपनी ने बिना कोई पूर्व सूचना दिए करीब 550 कर्मचारियों को अचानक नौकरी से निकाल दिया है। कर्मचारियों ने बताया कि उनके लैपटॉप का एक्सेस बंद कर दिया गया और टर्मिनेशन ईमेल भेजे गए।
काम शुरू हुआ सामान्य, फिर अचानक बंद हुआ एक्सेस
दिल्ली के 28 वर्षीय एक इंजीनियर के लिए सोमवार की सुबह आम दिनों जैसी थी। उन्होंने अपने सिस्टम में लॉग इन किया और अटेंडेंस दर्ज की, लेकिन लंच तक स्थिति बदलने लगी। कर्मचारियों ने बताया कि कंपनी के लैपटॉप का एक्सेस धीरे-धीरे बंद होने लगा और उनके पर्सनल ईमेल पर नौकरी खत्म करने के टर्मिनेशन मेल आए। एक कर्मचारी ने बताया कि एक-एक करके उनका आधिकारिक डिवाइस बंद कर दिया गया, लैपटॉप से लॉग आउट कर दिया गया और कंपनी की ऑफिशियल आईडी डि-एक्टिवेट कर दी गई। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान कर्मचारियों को कोई भी सूचना नहीं दी गई, जो उनके लिए चौंकाने वाली थी।
HR पोर्टल पर 26 अक्टूबर की तारीख
छंटनी की खबर फैलने के बाद कर्मचारियों ने कंपनी के HR पोर्टल पर चेक किया तो वहां 26 अक्टूबर को इस्तीफे की आधिकारिक तारीख और अंतिम कार्य दिवस दिखा। इसके बाद कर्मचारियों ने मैनेजरों से संपर्क किया, लेकिन मैनेजर भी इस खबर से हैरान थे। कई कर्मचारियों ने इसे अफवाह समझकर HR टीम से स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उनके डिवाइस का एक्सेस बंद हो गया। एक कर्मचारी ने बताया कि जब वे HR टीम को मैसेज कर रहे थे, तब उनके आधिकारिक डिवाइस का एक्सेस बंद होना शुरू हो गया।
फिलीपींस में भी छंटनी
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में करीब 550 कर्मचारी प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा कंपनी की फिलीपींस टीम में भी कर्मचारियों की छंटनी की खबर सामने आई है। कर्मचारियों को अचानक नौकरी खत्म होने की जानकारी मिली और कंपनी के सिस्टम तक उनकी पहुंच बंद कर दी गई।
Innodata कंपनी क्या करती है?
Innodata अमेरिका स्थित डेटा इंजीनियरिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सर्विसेज देने वाली कंपनी है। इसका हेडऑफिस रिजफील्ड पार्क, न्यू जर्सी में है। कंपनी टेक्नोलॉजी संगठनों को AI सिस्टम बनाने और बेहतर करने में मदद करती है। यह डेटा लेबलिंग, मॉडल ट्रेनिंग, इवैल्यूएशन और सेफ्टी टेस्टिंग जैसी सेवाएं देती है। कंपनी के ग्राहकों में गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, एप्पल, सोनी, हेवलेट-पैकर्ड, स्नोफ्लेक, बोइंग और डेलॉइट जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।