खुजली और त्वचा पर बार-बार चक्कतों का होना अक्सर सामान्य समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है, लेकिन यह आपकी सेहत के लिए चिंता का कारण हो सकता है। अगर ये लक्षण लंबे समय तक बने रहें या नींद और दैनिक जीवन को प्रभावित करें, तो डॉक्टर से संपर्क करना आवश्यक है। दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित बत्रा ने बताया कि किन परिस्थितियों में त्वचा विशेषज्ञ से मिलना जरूरी होता है।
त्वचा रोग विशेषज्ञ से कब मिलना चाहिए?
अगर त्वचा पर बार-बार खुजली या चक्कते उभरते हैं और ये अपने आप ठीक नहीं हो रहे हैं, तो ध्यान देना जरूरी है। कभी-कभी पित्ती (चकत्ते) अपने आप ठीक हो जाते हैं, लेकिन बार-बार लौटने वाले लक्षणों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। इसके अलावा, अगर खुजली की वजह से आपकी नींद प्रभावित हो रही है और आप नींद पूरी नहीं कर पा रहे हैं, जिससे दिनभर थकान, चिड़चिड़ापन या ध्यान केंद्रित करने में दिक्कत हो रही है, तो डॉक्टर से मिलना चाहिए।
इसके अलावा, जब खुद के उपाय जैसे खानपान में बदलाव, क्रीम लगाना या घरेलू उपचार से राहत न मिले, तब भी विशेषज्ञ से संपर्क करना जरूरी होता है। कई बार लोग बिना डॉक्टर की सलाह के दवाओं का इस्तेमाल करते हैं, जो समस्या को और बढ़ा सकते हैं।
कब हो जाएं सावधान?
अगर खुजली और चक्कते छह हफ्ते से अधिक समय तक बने रहें या बार-बार वापस आ रहे हों, तो इसे सामान्य समस्या न समझें। लगातार लक्षणों के कारण आपकी नींद और कामकाज प्रभावित हो रहे हों, तो त्वचा रोग विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें। समय पर इलाज से समस्या गंभीर होने से बच सकती है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी बदलाव या उपचार शुरू करने से पहले डॉक्टर से परामर्श अवश्य करें।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।