इंदौर में कांग्रेस ने गांधी भवन से जनसंघर्ष महारैली निकाली, जिसमें भाजपा सरकार पर वोट चोरी के आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई। साथ ही, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया।
रैली का आयोजन और नारेबाजी
शहर और जिला कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह रैली गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर कलेक्ट्रेट पहुंची। रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘‘कांग्रेस लाओ, देश बचाओ’’ और ‘‘वोट बचाओ, देश बचाओ’’ के नारे लगाये। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
देवेंद्र सिंह यादव ने जताई नाराजगी
कांग्रेस नेता देवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में यह महारैली निकाली गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों से जनता त्रस्त हो चुकी है। साथ ही उन्होंने ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके कार्यकाल के फैसलों की समीक्षा की मांग की।
चिंटू चौकसे का भाजपा पर आरोप
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि इस महारैली का मुख्य विषय ‘‘वोट चोर गद्दीं छोड़, ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दे’’ था। उन्होंने बताया कि पूरी जनता भाजपा सरकार से परेशान है और समझ चुकी है कि केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार और राज्य में मोहन यादव की सरकार वोट चोरी करके बनी है। चौकसे ने कहा कि राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर वोट चोरी से बनी सरकार को बर्खास्त करने और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की गई है। साथ ही ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की भी मांग की गई।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।