बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात 'अर्नब' विकराल रूप ले चुका है और इसके कारण यूपी में 28 से 31 अक्टूबर के बीच तेज बारिश, गरज-चमक और हवाओं के चलने की संभावना है। इस स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
यूपी में येलो अलर्ट जारी
राज्य सरकार ने 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के चलने की संभावना जताई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है और राहत एवं बचाव कार्यों को सक्रिय रखने पर जोर दिया गया है।
ऑरेंज अलर्ट के तहत बारिश और तेज हवाओं की संभावना
29 अक्टूबर को चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने की आशंका है। इसके साथ ही 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध, तराई के जिलों के अलावा बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। इस दौरान तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
मौसम संबंधी सावधानियों का पालन जरूरी
उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय ने आम जनता और किसानों से मौसम से जुड़ी चेतावनियों और प्रशासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। आंधी-तूफान के समय पक्के भवनों में शरण लेने, पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने तथा गैर जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों, खेतों और जलाशयों के निकट जाने से भी बचने की हिदायत दी गई है।
किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने और पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर रखने की भी सलाह दी गई है। इसके साथ ही लोगों से मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक मौसम बुलेटिन और 'सचेत' ऐप पर जारी चेतावनियों पर नजर रखने का आग्रह किया गया है।
अन्य राज्यों में भी सतर्कता
चक्रवात 'अर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु और तेलंगाना में भी भारी सतर्कता बरती जा रही है। ओडिशा के गंजाम जिले में 27 से 29 अक्टूबर तक सभी स्कूल, कॉलेज, तकनीकी संस्थान और विश्वविद्यालयों के विभाग बंद रखने के आदेश दिए गए हैं ताकि भारी बारिश और तूफानी हवाओं के चलते किसी प्रकार की समस्या से बचा जा सके।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।