बिहार के गया जी एयरपोर्ट पर बुधवार को 110 ग्राम वजन वाला सोने का बिस्किट मिलने से तस्करी का मामला सामने आया है। यह घटना इंडिगो की दिल्ली-गया-कोलकाता घरेलू उड़ान के दौरान हुई। सीआईएसएफ के जवानों ने प्री एम्बाकर्शन सुरक्षा जांच के दौरान इस सोने का बिस्किट पकड़ा।
प्रति एम्बाकर्शन जांच में सोना मिला
यात्री सोनू कुमार ने अपने हैंड बैग को स्क्रीनिंग के लिए रखा था। सीआईएसएफ के स्क्रीनर ने एक्स-रे जांच में बैग के अंदर छिपी धातु की छवि देखी। इसके बाद बैग की गहन जांच की गई, जिसमें 110 ग्राम सोने का बिस्किट मिला। गया एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
आयकर विभाग ने शुरू की जांच
सीआईएसएफ की क्राइम इंटेलिजेंस विंग ने गया और पटना में आयकर विभाग को इस मामले की जानकारी दी। कोलकाता एयरपोर्ट पर भी सीआईएसएफ को सतर्क कर दिया गया था ताकि यात्री के पहुंचते ही कार्रवाई हो सके। कोलकाता पहुंचने पर आयकर विभाग के अधिकारियों ने सोनू कुमार को हिरासत में लिया और दस्तावेजों की जांच शुरू की। अभी यह साफ नहीं है कि सोना कहां से आया है।
देश के अन्य एयरपोर्ट पर भी सोने की तस्करी
इससे पहले दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी सोने की तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया था। वहां कस्टम अधिकारियों ने दुबई से आए एक यात्री के पास से करीब 4.03 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया था।
स्रोत: indiatv.in


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।