दिवाली के बाद दिल्ली समेत कई इलाकों में बढ़े प्रदूषण ने बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर गंभीर चिंता बढ़ा दी है। सांस लेने में दिक्कत, खांसी और गले में जलन जैसी परेशानियां बढ़ रही हैं, खासकर कमजोर लोगों के लिए।
प्रदूषण का स्तर और उसके प्रभाव
दिल्ली में दिवाली की रात हवा में प्रदूषण का स्तर बहुत ज्यादा बढ़ गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार कुछ मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 1700 से ऊपर पहुंच गया था, जो बेहद खतरनाक माना जाता है। यह प्रदूषण सिर्फ बाहर ही नहीं, बल्कि घर के अंदर भी पहुंच सकता है।
डॉक्टर विकास मित्तल, डायरेक्टर पल्मोनोलॉजी, सीके बिड़ला हॉस्पिटल ने बताया कि प्रदूषण के कारण फेफड़ों और श्वसन तंत्र पर बुरा असर पड़ता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की फेफड़ों की कार्यक्षमता कमजोर होती है, इसलिए उनके लिए खतरा ज्यादा रहता है।
बच्चों और बुजुर्गों की देखभाल कैसे करें?
डॉक्टर विकास मित्तल के अनुसार, घर के अंदर भी अगर धुआं, धूल या प्रदूषण महसूस हो, तो बच्चों, बुजुर्गों और सांस से जुड़ी बीमारियों जैसे अस्थमा, COPD या दिल के मरीजों को एन95 मास्क पहनाना चाहिए।
इसके अलावा, घर की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें और जहां संभव हो, HEPA फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर चलाएं। घर में अगरबत्ती, धूप या कोई भी ऐसी चीज न जलाएं जिससे धुआं उत्पन्न हो।
क्या करें जब एयर प्यूरीफायर न हो?
अगर आपके पास एयर प्यूरीफायर नहीं है, तो बाहर की हवा बहुत खराब होने पर खिड़कियां खोलने से बचें। घर के अंदर AQI स्तर पर नजर रखें।
अगर सांस लेने में तकलीफ, सीने में जकड़न या लगातार खांसी जैसी समस्या हो तो इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। मास्क पहनना एक बचाव है, लेकिन घर की हवा साफ रखना भी उतना ही जरूरी है।
स्रोत: tv9hindi.com


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।