छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 64 वर्ष तक के अभ्यर्थियों के लिए एक सुनहरा अवसर है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) बिलासपुर ने डेंटिस्ट समेत 13 पदों के लिए भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इन पदों पर भर्ती के लिए 9 अक्टूबर को वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा।
कितने पद और कौन-कौन से हैं?
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बिलासपुर की वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन के अनुसार कुल 13 पद भरे जाएंगे। इनमें 1 फिजियोथेरेपिस्ट, 10 क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट-एनएमएचपी, 1 रेडियोग्राफर/एक्स-रे टेक्नीशियन और 1 डेंटिस्ट शामिल हैं। ये नियुक्तियां संविदा के आधार पर होंगी।
वेतन और चयन प्रक्रिया
इन पदों के लिए चयन वॉक-इन इंटरव्यू के साथ-साथ लिखित परीक्षा, कौशल परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को 15,000 से 31,500 रुपये प्रति माह तक वेतन मिलेगा, जो पद के अनुसार निर्धारित होगा।
योग्यता और आयु सीमा
फिजियोथेरेपिस्ट पद के लिए काउंसिल रजिस्ट्रेशन के साथ बीपीटी डिग्री आवश्यक है। क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट-एनएमएचपी के लिए एम.फिल क्लिनिकल साइकोलॉजी या संबंधित विषयों में मास्टर्स डिग्री के साथ आरसीआई रजिस्ट्रेशन और मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में 2 वर्ष का अनुभव जरूरी है। रेडियोग्राफर पद के लिए 12वीं साइंस के साथ पैरामेडिकल कोर्स और छत्तीसगढ़ पैरामेडिकल रजिस्ट्रेशन आवश्यक है। डेंटिस्ट पद के लिए एमडीएस या बीडीएस डिग्री और छत्तीसगढ़ मेडिकल काउंसिल रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 64 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी।
इंटरव्यू की जानकारी और दस्तावेज़
9 अक्टूबर को सुबह 10:30 से 11:30 बजे के बीच वॉक-इन इंटरव्यू कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बिलासपुर में आयोजित होगा। अभ्यर्थियों को समय पर पहुंचना होगा और साथ में भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी एवं सभी जरूरी दस्तावेजों की मूल और फोटोकॉपी साथ ले जानी होगी। आवेदन फॉर्म मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बिलासपुर की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।