मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिशन रोजगार के तहत शनिवार को एक लाख नई नौकरियों का शुभारंभ किया. उन्होंने 818 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कहा कि सरकार अगले छह महीने में एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देगी.
पुलिस व अन्य विभागों में 77 हजार से अधिक भर्तियां
सीएम योगी ने बताया कि यूपी पुलिस में 36 हजार और होमगार्ड में करीब 41-42 हजार युवाओं की भर्ती की जाएगी. इनकी मेडिकल व फिजिकल जांच प्रक्रिया जारी है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) आगामी छह महीनों में 25-30 हजार युवाओं को अवसर देगा, जबकि उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग से 20-25 हजार की नियुक्ति होगी. इसके परिणाम तीन-चार महीने में आने की संभावना है. UPPSC की परीक्षाओं के बाद 15-16 हजार युवाओं को विभिन्न विभागों में नियुक्ति मिलेगी.
भर्ती प्रक्रिया की शुचितापूर्ण व्यवस्था पर जोर
लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने आयोगों और बोर्डों के पदाधिकारियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि जब आयोग राजनीति से मुक्त होकर निष्पक्ष प्रक्रिया करते हैं, तो परिणाम भी बेहतर होते हैं. मिशन रोजगार पर लघु फिल्म भी दिखाई गई.
2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया पर योगी का आरोप
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के पहले प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया भ्रष्ट और भाई-भतीजावाद से प्रभावित थी. उन्होंने बताया कि उस समय यूपी पब्लिक सर्विस कमीशन (UPPSC) का चेयरमैन भी एक अयोग्य व्यक्ति था, जिससे न्यायालय और युवाओं को संघर्ष करना पड़ा. उन्होंने कहा,
"2017 के पहले तत्कालीन सरकार ने आयोगों-बोर्डों में भाई-भतीजों को बैठाकर पूरी प्रक्रिया को बदनाम कर दिया था."
सीएम ने बताया कि पहले नौजवानों के सामने पहचान का संकट था और प्रदेश बीमारू मानसिकता से ग्रस्त था.
यूपी की आर्थिक प्रगति और युवाओं को अवसर
योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने यूपी की प्रतिभा को आर्थिक अवसरों में बदला है. उन्होंने बताया कि एमएसएमई सेक्टर में तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है. स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 24 हजार से अधिक हो गई है. साथ ही उन्होंने आयुष क्षेत्र की प्रगति का भी उल्लेख किया, जहां अब नए विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं.
भर्ती प्रक्रिया में सुधार और भ्रष्टाचार पर रोक
सीएम ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में समयबद्धता और मेरिट को लेकर समीक्षा की जा रही है. उन्होंने कहा कि पहले विज्ञापन से लेकर नियुक्ति तक सिंडिकेट और गिरोह सक्रिय रहते थे, लेकिन अब ग्रुप-3 और 4 की भर्तियों में इंटरव्यू सिस्टम समाप्त कर दिया गया है.
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन
योगी ने बताया कि 25 से 29 सितंबर तक गौतमबुद्ध नगर में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) का चौथा संस्करण होगा. इसमें 650 विदेशी खरीदार और 2500 से अधिक प्रदर्शक शामिल होंगे, जहां यूपी के युवाओं, कारीगरों और उद्यमियों के उत्पादों को बड़े ऑर्डर मिलेंगे.
सपा सरकार पर आरोप और युवाओं से अपील
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया कि उनकी सरकार में आवेदन न करने वालों को भी नियुक्ति पत्र मिले जबकि आवेदन करने वाले बेरोजगार रह गए. उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खड़े हों और अपनी ताकत का इस्तेमाल करें.
इस अवसर पर आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु', चिकित्सा शिक्षा व परिवार कल्याण राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह और एमएसएमई राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा मौजूद रहे.
स्रोत: livetimes.news


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।