ओंगोल के पास मुरसु का लैंडफॉल जारी
आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तटीय इलाके ओंगोल के पास 3 नवंबर 2026 को चक्रवाती तूफान मुरसु का लैंडफॉल शुरू हो गया है। इसके कारण आंध्र प्रदेश के चिराला इलाके में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। यहां हवाओं की रफ्तार 100-120 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच बनी हुई है। तेज हवाओं के चलते कई जगह पेड़ गिर गए हैं। मौसम विभाग लगातार इस तूफान पर नजर बनाए हुए है।
पांच राज्यों में हाई अलर्ट, उड़ानें रद्द
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा समेत कुल पांच राज्यों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। अब तक 19 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इस आपदा से निपटने के लिए इन राज्यों में 37 NDRF (National Disaster Response Force) की टीमें तैनात की गई हैं। तटीय इलाकों में स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं। पुडुचेरी में भी तूफान के प्रभाव से भारी बारिश जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान के तटीय इलाकों को पूरी तरह पार करने के बाद बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होगी।
IMD निदेशक के. नागरात्ना ने दी जानकारी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) की निदेशक के. नागरात्ना ने बताया, "मुरसु वर्तमान में 15.45 डिग्री अक्षांश और 80.25 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित है। यह ओंगोल से लगभग 20 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में है। बापटला से 60 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम, कवाली से 70 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पूर्व और नेल्लोर से लगभग 100 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पूर्व की दूरी पर है।" उन्होंने कहा कि ओंगोल के पास लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अगले 1 से 2 घंटे तक जारी रहने की संभावना है। तूफान के साथ चलने वाली हवाओं की गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच है, जो कभी-कभी 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही है।
नागरात्ना ने बताया कि इस तूफान के कारण तटीय और दक्षिणी आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। कृष्णा, गुंटूर, बापटला, पलनाडु, NTR और प्रकाशम जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मछुआरों को 4 नवंबर की सुबह तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। समुद्र में और तट के पास सभी गतिविधियां रोक दी गई हैं। उन्होंने कहा कि जब तक तूफान कमजोर नहीं होता, IMD की सलाह और अपडेट का पालन करना जरूरी है।
प्रकाशम जिले में तेज बारिश और हवाएं
चक्रवात मुरसु के चलते आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले के कोथापटनम इलाके में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश जारी है। सोमवार देर रात से शुरू हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 12 घंटों में दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। साथ ही सामान्य ज्वार-भाटे की तुलना में 1.0 से 1.5 मीटर ऊंची समुद्री लहरें (स्टॉर्म सर्ज) उठ सकती हैं, जिससे निचले इलाकों में पानी भर सकता है।
IMD की निगरानी और लैंडफॉल का विवरण
3 नवंबर 2026 को तड़के 0230 बजे, मुरसु तूफान ओंगोल से लगभग 30 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में केंद्रित था। तूफान का अंदरूनी हिस्सा दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में प्रवेश कर चुका है। अगले तीन घंटों में यह तूफान उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए ओंगोल के पास नेल्लोर और नरसापुर के बीच तट से टकराएगा। इस दौरान हवाओं की गति 100-110 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी, जो झोंकों के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। चेन्नई और मछलीपट्टनम में लगे डॉप्लर वेदर रडार के जरिए तूफान पर नजर रखी जा रही है।
पुडुचेरी और तमिलनाडु में भी बारिश जारी
चक्रवात मुरसु के प्रभाव से पुडुचेरी में आधी रात से लगातार बारिश हो रही है, जिसका जनजीवन पर असर पड़ा है। इस तूफान का असर फिलहाल उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी पर दिख रहा है। IMD ने चेतावनी दी है कि यह तूफान और तीव्र होकर "बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान" का रूप ले सकता है।
प्रशासन और पुलिस की तैयारियां
ओंगोल के कलेक्टर पी. राजाबाबू ने आधी रात को कमांड कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गिरे हुए पेड़ों को तुरंत हटाया जाए, यातायात बहाल किया जाए और बिजली के क्षतिग्रस्त ढांचे की मरम्मत की जाए। इसके साथ ही कोथापटनम में बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने को कहा। उन्होंने लोगों से चक्रवात के दौरान सतर्क रहने की अपील भी की।
प्रकाशम जिले के पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन राजू ने बताया कि पुलिस रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पूरी तरह तैयार है। जिले में NDRF की 3 टीमें और SDRF की 1 टीम तैनात हैं। प्रभावित गांवों में कम्युनिकेशन नेटवर्क स्थापित किए गए हैं। पुलिस और जिला प्रशासन मिलकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं। हाईवे पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं। सड़कों को साफ करने के लिए पोकलेन मशीनें और JCB तैनात की गई हैं। कलेक्ट्रेट और पुलिस मुख्यालय में 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय हैं।
स्रोत: indiatv.in


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।