आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन बूथों पर पुनर्मतदान कराया जाएगा। सपा के एमएलसी उम्मीदवार आकाश अग्रवाल द्वारा बूथ कैपचरिंग के आरोप लगाए जाने के बाद चुनाव अधिकारी ने जांच कर पुनर्मतदान की सिफारिश की है।
पुनर्मतदान की सिफारिश
आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर ने तीन बूथों पर पुनर्मतदान की सिफारिश की है। इनमें खेरागढ़, फतेहाबाद और सैया के बूथ शामिल हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि आकाश अग्रवाल का एक वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित अधिकारियों से बात की गई। जांच के बाद पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया गया है।
कौन से बूथों पर होगा पुनर्मतदान?
- बूथ संख्या 20: खेरागढ़ तहसील परिसर के कक्ष संख्या 1 में मतदान केंद्र।
- बूथ संख्या 21: सैंया क्षेत्र पंचायत कार्यालय के कक्ष संख्या 1 में मतदान केंद्र।
- बूथ संख्या 26: फतेहाबाद क्षेत्र पंचायत कार्यालय के कक्ष संख्या 1 में मतदान केंद्र।
सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल का वीडियो वायरल
सपा उम्मीदवार डॉक्टर आकाश अग्रवाल ने मंडल मुख्यालय जाकर निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया था। इस दौरान डिविजनल कमिश्नर नागेंद्र प्रताप से मिलने के बाद आकाश अग्रवाल मीडिया के सामने भावुक हो गए और रो पड़े।
उन्होंने कहा, "क्या मुझे चुनाव लड़ने का कोई अधिकार नहीं है? मुझे इस हद तक निशाना बनाया जा रहा है कि पुलिस मुझ पर ड्रग्स या हथियार रखने का झूठा आरोप लगाकर मुझे जेल में डाल सकती है और मुझे पाकिस्तानी भी बता सकती है।"
आकाश अग्रवाल ने कहा कि प्रशासनिक रवैये से वे हताश हैं और उन्होंने धर्म परिवर्तन करने का भी संकेत दिया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें एमएलसी नहीं बनना है और सरकार उनके अधिकारों का हनन कर रही है। उन्होंने सरकार पर लोकतंत्र का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया।
सपा उम्मीदवार ने यह भी बताया कि उनके परिवार और समर्थक शिक्षकों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार चाहे तो उन्हें जेल में डाल दे।
सरकार पर आरोप और चुनाव अधिकारी की जांच
आकाश अग्रवाल की शिकायत पर चुनाव अधिकारी ने जांच के आदेश दिए थे। बता दें कि हाल ही में हुए चुनाव में सपा ने कई जगहों पर धांधली के आरोप लगाए थे।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।