जौनपुर में सबसे अधिक बुजुर्ग पेंशन का लाभान्वित
उत्तर प्रदेश में वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत कुल 67.50 लाख बुजुर्गों को हर महीने 1000 रुपये की पेंशन दी जा रही है। जौनपुर ने इस योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है, जहां 2,24,345 बुजुर्ग पेंशन का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इसके बाद आजमगढ़ में 1,97,129 और गोरखपुर में 1,72,917 बुजुर्गों को यह सहायता मिल रही है।
इसके अलावा गाजीपुर में 1,69,161, हरदोई में 1,69,105, बलिया में 1,68,241, प्रयागराज में 1,67,536, प्रतापगढ़ में 1,61,656, कुशीनगर में 1,59,964 और अंबेडकर नगर में 1,50,835 बुजुर्ग योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। ये टॉप-10 जिले प्रदेश में बुजुर्गों तक सरकारी सहायता पहुंचाने की सरकार की कोशिशों को दर्शाते हैं।
बुजुर्गों को आर्थिक सुरक्षा देने की कोशिश
योगी सरकार की प्राथमिकता बुजुर्गों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। वृद्धावस्था में नियमित आय के अभाव में कई बुजुर्गों को अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करने में दिक्कत होती है। ऐसे में प्रतिमाह 1000 रुपये की पेंशन उनके लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा साबित हो रही है।
प्रदेश के 67.50 लाख बुजुर्गों तक इस सहायता का पहुंचना सरकार की व्यापक सामाजिक सुरक्षा नीति को दर्शाता है। योजना का उद्देश्य बुजुर्गों को आर्थिक परेशानियों से बचाना और उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार करना है।
सरकार की योजना के प्रभावी संचालन पर जोर
समाज कल्याण विभाग पेंशन योजना को बेहतर समन्वय और तेजी से संचालित कर रहा है। लाभार्थियों की सही पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया को मजबूत कर पात्र बुजुर्गों तक सहायता पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बताया कि प्रदेश सरकार बुजुर्गों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा के प्रति संवेदनशील है। सभी 75 जिलों में 67.50 लाख वृद्धजनों को सुगमता से हर महीने 1000 रुपये की पेंशन दी जा रही है।
स्रोत: hindi.webdunia.com


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।