केप टाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन, साउथ अफ्रीका के बैटिंग कोच एश्वेल प्रिंस और खिलाड़ी काइल वेरेन को ICC ने नियम तोड़ने पर फटकार लगाई है। यह कार्रवाई साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी के दौरान ओपनर मार्केस एकरमैन के आउट होने के बाद हुई घटना के लिए की गई। एकरमैन ने अपने आउट होने के फैसले के खिलाफ DRS मांगना चाहा, लेकिन अंपायरों ने अपील 15 सेकंड के अंदर न होने का हवाला देते हुए उसे मना कर दिया।
एश्वेल प्रिंस और काइल वेरेन की विवादित हरकत
जब एकरमैन पवेलियन लौट रहे थे, तब कोच एश्वेल प्रिंस ने अंपायरों से बहस शुरू कर दी और कहा कि रिव्यू के लिए अभी समय बचा है। वहीं, खिलाड़ी काइल वेरेन जो मैच की प्लेइंग इलेवन में नहीं थे, उन्होंने एकरमैन को बाउंड्री के अंदर ही रुकने को कहा, जिससे उनका मैदान छोड़ने में देरी हुई। ICC ने इस पूरे मामले पर सख्त एक्शन लिया है।
आईसीसी ने नियम 2.8 का उल्लंघन माना
ICC के बयान में कहा गया है कि प्रिंस और वेरेन को आचार संहिता के नियम 2.8 के तहत दोषी पाया गया है, जो अंपायर के फैसले पर असहमति या बहस करने से संबंधित है। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला अपराध था, इसलिए दोनों को एक-एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया। दोनों ने गलती स्वीकार की और मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ द्वारा दी गई सजा को मंजूर किया। इसलिए इस मामले में किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
केप टाउन टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने 2-1 से हासिल की जीत
इस मामले में आरोप ऑन-फील्ड अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ, रिचर्ड केटलबोरो, थर्ड अंपायर क्रिस गैफनी और फोर्थ अंपायर लुबाबालो गकुमा ने लगाए थे। नियम तोड़ने पर कम से कम चेतावनी और ज्यादा से ज्यादा मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना या डिमेरिट पॉइंट मिल सकता है। केप टाउन टेस्ट के चौथे दिन साउथ अफ्रीका ने शानदार वापसी की और आखिरी दिन जबरदस्त गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलिया को हराकर टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम की।
स्रोत: indiatv.in


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।