यमन के हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच तनाव तेज हो गया है। सऊदी अरब ने कहा कि उसने हूतियों की ओर से दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया, जिनका निशाना मक्का और मदीना था। हालांकि, हूतियों ने मक्का-मदीना पर हमले से इनकार करते हुए सऊदी आरोपों को झूठ बताया।
सऊदी अरब का दावा और मिसाइलों का मलबा
सऊदी सिविल डिफेंस के अनुसार, मिसाइलों को रोकने के बाद उनका मलबा जेद्दा, ताइफ, राबिग और मक्का के बाहर वादी मुगम्मास में भी गिरा। मक्का और मदीना क्षेत्रों में मलबा गिरने की घटनाओं से निपटने के लिए संबंधित टीमों को तैनात किया गया है।
हूतियों ने तेल ठिकानों और एयरपोर्ट पर हमलों का दावा किया
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने बताया कि संगठन ने सऊदी अरब के कई तेल ठिकानों और एयरपोर्ट पर हमले किए। इनमें यानबू में सऊदी अरामको का ठिकाना, राबिग तेल रिफाइनरी, रियाद का किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दमाम का किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नजरान का एक एयरपोर्ट और खमिस मुशैत का एयरबेस शामिल हैं।
इसके अलावा, कच्चे तेल को पंप करने वाले स्टेशन और ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन भी हूतियों के निशाने पर थे। हालांकि, सऊदी अधिकारियों ने इन हमलों की पुष्टि नहीं की है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि मिसाइलें अपने लक्ष्यों तक पहुंचीं या उन्हें रोक दिया गया।
यमन के अदन में भी मिसाइल हमले
यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार के गृह मंत्रालय ने बताया कि हूतियों ने दक्षिणी बंदरगाह शहर अदन में कोस्ट गार्ड्स के ठिकानों पर तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इनमें से दो मिसाइलें कोस्ट गार्ड्स हेडक्वार्टर और तीसरी तवाही इलाके की एक इमारत पर लगीं।
हूतियों ने अदन में सऊदी समर्थित सैनिकों के जमावड़े और नेवी बेस पर हमले का भी दावा किया है।
सऊदी अरब में अलर्ट और उड़ानों में रद्दीकरण
सऊदी सिविल डिफेंस ने मक्का प्रांत, जेद्दा, ताइफ और यानबू में हवाई हमले के खतरे को लेकर चेतावनी जारी की। करीब 10 मिनट बाद खतरा टल गया। लोगों को सुरक्षा निर्देशों का पालन करने, भीड़ से बचने और घटनाओं की वीडियो बनाने से बचने को कहा गया। आपात स्थिति में 911 पर फोन करने की सलाह दी गई।
एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद और दमाम की उड़ानें 7 नवंबर तक और जेद्दा की उड़ानें 31 अक्टूबर तक रद्द कर दी हैं। इंडिगो और अकासा एयर ने भी सऊदी अरब के शहरों के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।