प्रयागराज के स्वरुप रानी नेहरू अस्पताल में डॉक्टर और वकीलों के बीच हुई मारपीट के बाद अस्पताल के डॉक्टरों ने इलाज बंद कर हड़ताल कर दी, जिससे अस्पताल की इमरजेंसी सेवा पांच घंटे तक ठप रही और मरीजों को भारी परेशानी हुई।
वकीलों ने डॉक्टर से की मारपीट
स्वरुप रानी नेहरू अस्पताल के मेडिसीन विभाग के सीनियर कंसलटेंट डॉ. विभू रंजन मिश्रा के साथ वकीलों ने सड़क पर मारपीट की। यह घटना उस समय हुई जब वकीलों का एक समूह एक वकील के साथ हुई मारपीट के विरोध में सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहा था। डॉ. विभू रंजन मिश्रा अपनी गाड़ी से वहां से गुजर रहे थे, लेकिन उनकी गाड़ी वकीलों की भीड़ में फंस गई। इस दौरान उनकी वकीलों से बहस हो गई और आक्रोशित वकीलों ने उन्हें गाड़ी से बाहर खींच कर बेरहमी से पिटाई कर दी। घायल डॉ. विभू को अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
डॉक्टरों ने किया इलाज बंद
डॉ. विभू रंजन मिश्रा के साथ हुई मारपीट की खबर मिलते ही अस्पताल के डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ गुस्से में आ गए। उन्होंने इलाज बंद करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया और इमरजेंसी सेवा भी ठप कर दी। इस कारण अस्पताल में भर्ती गंभीर मरीजों को इलाज में भारी दिक्कतें हुईं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी अब स्थिति को संभालने के लिए डॉक्टरों से बातचीत कर रहे हैं।
डॉक्टर ने बताया पूरी घटना
एसआरएन अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती डॉ. विभू रंजन मिश्रा ने बताया कि सड़क पर जाम लगा हुआ था। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से स्थिति जानने की कोशिश की, लेकिन इस बात पर वकील नाराज हो गए और उन्हें घेर लिया। फिर वकीलों ने उन्हें गाड़ी से बाहर खींचकर पिटाई कर दी।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।