कम उम्र में घुटनों से कट-कट आवाज आना सामान्य है, लेकिन दर्द या सूजन के साथ हो तो डॉक्टर से जांच कराएं।
घुटनों से आवाज आने के कारण क्या हैं?
फोर्टिस नोएडा के ऑर्थोपेडिक्स और जॉइंट रिप्लेसमेंट के चेयरमैन डॉ. अतुल मिश्रा के अनुसार, घुटनों से कट-कट या चटकने की आवाज आना मेडिकल भाषा में 'क्रेपिटस' कहलाता है। यह आमतौर पर तब होता है जब जोड़ों के अंदर मौजूद साइनोवियल फ्लूइड में गैस के बुलबुले बनते हैं और फूट जाते हैं। यह तरल पदार्थ जोड़ों को चिकनाई देता है और हड्डियों के घर्षण को कम करता है। इसके अलावा, घुटने के आसपास के टेंडन और लिगामेंट्स के हिलने या अपनी जगह पर वापस आने से भी आवाज आ सकती है।
कम उम्र में आवाज आने के अन्य संभावित कारण
डॉक्टर के अनुसार, कम उम्र में लगातार घुटनों से आवाज आने के पीछे मांसपेशियों का कमजोर होना, लंबे समय तक बैठे रहना, शारीरिक गतिविधियों की कमी, अधिक वजन और गलत तरीके से एक्सरसाइज करना भी हो सकता है। इसके साथ ही, घुटने की हड्डी या पटेला की मूवमेंट में गड़बड़ी या उसके आसपास के कार्टिलेज में बदलाव भी ऐसे लक्षण पैदा कर सकते हैं।
कब घुटनों से आवाज आने पर सावधानी बरतें?
यदि घुटनों से आवाज आने के साथ दर्द, सूजन, अकड़न या चलने-फिरने में परेशानी हो रही हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में ऑस्टियोआर्थराइटिस, कार्टिलेज की चोट या घुटने से जुड़ी अन्य समस्याओं की जांच आवश्यक हो सकती है।
घुटनों को स्वस्थ रखने के टिप्स
डॉ. अतुल मिश्रा ने सलाह दी है कि घुटनों को स्वस्थ रखने के लिए नियमित हल्की एक्सरसाइज करें। खासकर जांघों और घुटनों के आसपास की मांसपेशियों को मजबूत करने वाले व्यायाम करें। शरीर का वजन नियंत्रित रखें और लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठे रहने से बचें। केवल आवाज आना किसी गंभीर समस्या का संकेत नहीं है, लेकिन दर्द या सूजन होने पर तुरंत ऑर्थोपेडिक डॉक्टर से संपर्क करें।
स्रोत: indiatv.in


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।